
त्रिवेणी संगम पर आध्यात्मिकता के साथ सुरों का महासंगम
- महाकुम्भ 2025 में बॉलीवुड सितारों का संगम: शंकर महादेवन, कैलाश खेर, सोनू निगम और श्रेया घोषाल जैसे कलाकार गंगा पंडाल में देंगे प्रस्तुतियां।
- सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ: 10 जनवरी से शुरू होकर 24 फरवरी तक चलेगा संगीत और आध्यात्म का यह भव्य आयोजन।
- उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग का सहयोग: भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के साथ मिलकर इस आयोजन को भव्य रूप दिया जा रहा है।
- प्रयागराज में सुरों का महासंगम: गंगा पंडाल में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक होंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
- आध्यात्मिकता और संस्कृति का मेल: यह आयोजन श्रद्धालुओं को संगीत और भक्तिमय माहौल से जोड़ने का करेगा प्रयास।
महाकुम्भ 2025, प्रयागराज में न केवल गंगा, यमुना और सरस्वती के पवित्र संगम में श्रद्धालु डुबकी लगाएंगे, बल्कि इस भव्य आयोजन में बॉलीवुड सितारों की प्रस्तुतियों का भी आनंद ले सकेंगे। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय और उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग के सहयोग से मेला क्षेत्र में बने गंगा पंडाल में इन प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम न केवल आध्यात्मिक बल्कि सांस्कृतिक दृष्टि से भी विशेष होगा।
सितारों की प्रस्तुतियों से महाकुम्भ बनेगा यादगार
महाकुम्भ 2025 के दौरान गंगा पंडाल में देश के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को आध्यात्म और सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ेंगे। फेमस सिंगर्स और म्यूजिक कंपोजर्स जैसे शंकर महादेवन, कैलाश खेर, सोनू निगम, श्रेया घोषाल, जुबिन नौटियाल, विशाल भारद्वाज, ऋचा शर्मा, और रसिका शेखर इस आयोजन में अपनी प्रस्तुतियां देंगे। प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, ये कलाकार महाकुम्भ के भव्य आयोजन को और भी अद्भुत बनाएंगे।
10 जनवरी से शुरू होगी सांस्कृतिक संध्या
महाकुम्भ की शुरुआत भले ही 13 जनवरी 2025 से हो, लेकिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियां 10 जनवरी से शुरू हो जाएंगी। गंगा पंडाल में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 8 बजे तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लगभग 10,000 लोगों की क्षमता वाले इस पंडाल में श्रद्धालु आध्यात्म और संगीत का अनोखा अनुभव करेंगे। 10 जनवरी को शंकर महादेवन की प्रस्तुति से इस सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत होगी। 11 जनवरी को मालिनी अवस्थी अपनी लोक गायकी से समां बांधेंगी।
सितारों का तय शेड्यूल
कैलाश खेर 18 जनवरी को अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से पंडाल में श्रद्धा का माहौल बनाएंगे, जबकि 19 जनवरी को सोनू निगम अपनी जादुई आवाज का जलवा बिखेरेंगे। मैथिली ठाकुर 20 जनवरी को अपनी प्रस्तुति देंगी, और कविता पौडवाल 31 जनवरी को। इसके बाद 1 फरवरी को विशाल भारद्वाज, 2 फरवरी को ऋचा शर्मा और 8 फरवरी को जुबिन नौटियाल अपनी सुरीली आवाज से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। 14 फरवरी को हंसराज रघुवंशी और 24 फरवरी को श्रेया घोषाल इस आयोजन का समापन अपने सुरों से करेंगी।
संस्कृति मंत्रालय और प्रदेश सरकार का विशेष योगदान
यह भव्य आयोजन उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग द्वारा भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का उद्देश्य महाकुम्भ के आध्यात्मिक अनुभव को संगीत और कला के माध्यम से और भी समृद्ध बनाना है।
प्रयागराज में होगा अद्वितीय अनुभव
महाकुम्भ 2025 श्रद्धालुओं के लिए न केवल धार्मिक बल्कि सांस्कृतिक और मनोरंजन का भी अनोखा संगम साबित होगा। गंगा पंडाल में इन भव्य प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालु सुरों के रस में डूबते हुए आध्यात्म और संस्कृति का अनुभव करेंगे।